Saturday, September 11, 2021

ALIGARH MUSLIM UNIVERSITY : 10 th RANK AWARDED IN N.I.R.F- Dharmedar Pradhan, Education Minister, Govt. of India

 


FOUNDER OF  ALIGARH MUSLIM UNIVERSITY 


एनआईआरएफ यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2021 में एएमयू सात पायदान चढ़कर शीर्ष 10 स्थान पर

अलीगढ़, 10 सितंबरः एएमयू ने देश के सभी संस्थानों में अपनी समग्र रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया है, और यह 7 स्थानों की वृद्धि के साथ 10 वें स्थान पर है। माननीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा 9 सितंबर, 2021 को एक वर्चुअल कार्यक्रम में जारी राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की विश्वविद्यालय रैंकिंग 2021 में अमुवि को 10वां स्थान प्रदान किया गया है।

एएमयू के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने इस उपलब्धि पर कर्मचारियों, छात्रों और पूर्व छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि एएमयू को राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) विश्वविद्यालय रैंकिंग 2021 द्वारा देश के शीर्ष दस विश्वविद्यालयों में स्थान दिया गया है। ये रैंकिंग स्टाफ सदस्यों और छात्रों की कड़ी मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि एएमयू की रैंकिंग समिति और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) इन रैंकिंग के लिए डेटा संकलित करने के लिए अंथक प्रयास कर रहे हैं और उनकी कर्मठता और प्रतिबद्धता प्रशंसनीय है।

प्रोफेसर मंसूर ने कहा कि एएमयू ने फिर से सिद्व किया है कि वह न केवल भारत में सबसे अच्छे संस्थानों में से एक है बल्कि और बड़े पैमाने पर समाज और देश की बेहतरी के लिए शिक्षण, प्रशिक्षण, अनुसंधान और आउटरीच गतिविधियों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

एएमयू ने इस वर्ष अन्य विषयों में भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। विधि संकाय ने पिछले वर्ष की तुलना में दो स्थानों की वृद्धि की है और नवीनतम एनआईआरएफ रैंकिंग 2021 में देश में इसे 11वां सर्वश्रेष्ठ स्थान दिया गया है। 2015 में एनआईआरएफ की स्थापना के बाद से ला फैकल्टी के लिए इस साल की रैंकिंग सबसे अच्छी है।

आर्किटेक्चर विभाग ने तीन पायदान में सुधार किया है और अब यह भारत में 13 वें सर्वश्रेष्ठ स्थान पर है। मेडिकल कालेजों में एएमयू के जेएन मेडिकल कालेज को देश के शीर्ष 15 चिकित्सा संस्थानों में स्थान दिया गया है, जबकि एएमयू के डा. जियाउद्दीन अहमद डेंटल कॉलेज को पहली बार 26वें स्थान पर रखा गया है। इंजीनियरिंग में भी एएमयू के जाकिर हुसैन कालेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने पिछले साल की एनआईआरएफ रैंकिंग की तुलना में चार स्थानों की तरक्की की और अब इसे भारत में 35 वें स्थान पर रखा गया है।

एएमयू की रैंकिंग समिति के अध्यक्ष प्रो. सालिम बेग ने कहा कि विभिन्न मानकों और विषयों पर रैंकिंग में सुधार उन छात्रों और कर्मचारियों के एकजुट प्रयासों के बिना संभव नहीं होता जो सही मायनों में प्रशंसा और बधाई के पात्र हैं।

प्रो. असद यू खान, संयोजक रैंकिंग समिति ने कहा कि हमारे प्रदर्शन में लगभग सभी विषय आधारित रैंकिंग में भी सुधार हुआ है जो एक बहुत अच्छा संकेत है और इस तथ्य की पुष्टि है कि एएमयू में शिक्षण, प्रशिक्षण और अनुसंधान में समग्र सुधार हुआ है। उन्होंने एएमयू की रैंकिंग समिति के सदस्यों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

प्रोफेसर मोहम्मद नवेद खान, समन्वयक, एनआईआरएफ रैकिंग्स तथा सदस्य रैकिंग समिति ने कहा कि रैंकिंग में सुधार की दिशा में सामूहिक रूप से काम करने के लिए सभी सम्बन्धित लोग बधाई के पात्र हैं। हमें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में हम न केवल अपनी वर्तमान रैंकिंग को बनाए रखेंगे बल्कि भारत में शीर्ष पांच संस्थानों में जगह बनाने का प्रयास भी करेंगे।

कोविड-19 महामारी की चुनौतियों के बावजूद, एएमयू अपने शताब्दी वर्ष में दृढ़ विश्वास के साथ आगे बढ़ना जारी रखे हुए है और उच्च शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है।

 





No comments:

Popular Posts