Monday, July 21, 2025

एसटीएस स्कूल 1987 बैच की पहल रंग लाई

 ए


सटीएस स्कूल 1987 बैच की पहल रंग लाईः एसएसजीई ने 705 छात्रों को दी छात्रवृत्ति, स्कूलों को मिला फर्नीचर और स्मार्ट क्लास की सौगात

अलीगढ़, 19 जुलाईः मिंटो सर्किल हाई स्कूल की 1987 बैच की पहल पर गठित स्कूल सपोर्ट ग्रुप फॉर एजुकेशन (एसएसजीई) ने एक बार फिर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के स्कूल छात्रों के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। लगातार चैथे वर्ष एसएसजीई ने 705 मेधावी और जरूरतमंद छात्रों को 53,85,000 रूपये की छात्रवृत्तियाँ प्रदान की हैं, जो उनकी शिक्षण शुल्क को कवर करती हैं। यह छात्रवृत्तियाँ एएमयू के वित्त कार्यालय के माध्यम से, अलीगढ़ एजुकेशन एंडोमेंट फंड (यूएसए) और इब्ने सीना अकादमी (भारत) के सहयोग से वितरित की गईं।

शिक्षण शुल्क के अतिरिक्त, इब्ने सीना अकादमी द्वारा एसएसजीई के माध्यम से छात्रों को लगभग 23,00,000 रूपये के यूनिफॉर्म, जूते, बैग और पाठ्यक्रम सामग्री भी वितरित की गई। चयनित छात्रों की सूची संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों द्वारा दी गई थी, जिसकी पुष्टि छात्रों के अभिभावकों से संवाद कर की गई।

इस वर्ष एसएसजीई ने स्कूलों को ढांचागत सुधारों के लिए भी सहायता प्रदान की। अब्दुल्ला प्राइमरी स्कूल और मिंटो सर्किल को 5,00,000 रूपये मूल्य का फर्नीचर भेंट किया गया। कुल मिलाकर एसएसजीई की इस वर्ष की सहायता राशि 81,85,000 रूपये रही, जो पिछले वर्ष के 33,87,511 रूपये से कहीं अधिक है।

शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में एसएसजीई ने अहमदी स्कूल में टैक्टाइल टाइल्स और ब्रेल प्रिंटिंग सुविधा स्थापित करने का निर्णय लिया है। साथ ही मिंटो सर्किल के एक कक्षा को स्मार्ट क्लासरूम में बदलने की योजना भी बनाई गई है।

एसएसजीई की शुरुआत वर्ष 2021 में मिंटो सर्किल हाई स्कूल की 1987 बैच के पूर्व छात्रों ने की थी। तब से यह समूह न केवल आर्थिक सहायता बल्कि छात्रों को मार्गदर्शन, परामर्श, और विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी का अवसर भी दे रहा है। इनमें एएसएसईटी (अमेरिकन सोसाइटी फॉर साइंस एंड एजुकेशन) द्वारा प्रायोजित विज्ञान परियोजनाएँ, क्विज़ प्रतियोगिताएं, और कौशल विकास कार्यक्रम शामिल हैं। कई छात्र इन गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।

अलीगढ़ में एसएसजीई टीम का नेतृत्व प्रो. सुहैल साबिर, डॉ. मंज़र जमाल, प्रो. नदीम खलील, प्रो. सैयद जियाउर रहमान, एसो. प्रो. अदनान हाफिज, फरीद नाज़िम फारूक़ी, अहमद रज़ा, डॉ. रेहाना अहमद, और डॉ. सादिया अयूब कर रहे हैं।

एसएसजीई अपनी सतत पहलों के माध्यम से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है, जिससे आने वाली पीढ़ी के लिए उज्जवल भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।

No comments:

Popular Posts