Wednesday, July 9, 2025

Registration in UP Govt : Para Medical College, AMU, Aligarh

 


एएमयू के पैरामेडिकल कॉलेज को मिला पंजीकरण

अलीगढ़, 9 जुलाईः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पैरामेडिकल कॉलेज को उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी, लखनऊ द्वारा पंजीकरण प्राप्त हो गया है, जो कि एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह कॉलेज वर्ष 2021 में स्थापित हुआ था और निरंतर प्रयासों के साथ इसने अब औपचारिक मान्यता की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया है।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. काजी एहसान अली ने जानकारी दी कि पंजीकरण की प्रक्रिया में कई चरणों में पूर्ण हुई। सर्वप्रथम, कॉलेज ने मेडिकल एजुकेशन के निदेशक (लखनऊ) से एसेंशियलिटी सर्टिफिकेट प्राप्त किया, जिसके लिए विस्तृत दस्तावेजीकरण और विभिन्न औपचारिकताओं को पूरा किया गया।

प्रो. अली ने बताया कि यह प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज बाद में यूपी स्टेट मेडिकल फैकल्टी को सौंपे गए, जिसके बाद कॉलेज का पंजीकरण किया गया। अब यह पंजीकरण पैरामेडिकल कॉलेज और इसमें चल रहे बीएससी कोर्सों जैसे ऑप्टोमेट्री, फिजियोथेरेपी, मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी, डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी, मेडिकल लैब साइंसेज और ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी को औपचारिक रूप से मान्यता प्रदान करता है। यह पंजीकरण पिछली तिथि से, यानी सत्र 2021-2022 से, प्रभावी होगा, जिससे पहले और बाद की बैचों को लाभ मिलेगा। प्रो. अली ने बताया कि कॉलेज को सत्र 2021-2022 से 2024-2025 तक के लिए पंजीकृत किया गया है और सत्र 2025-2026 से आगे के लिए अंतिम पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन विशेष रूप से माननीय कुलपति, मेडिसिन संकाय के डीन और रजिस्ट्रार का आभार व्यक्त किया जिनके सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी।

No comments:

Popular Posts