Tuesday, October 13, 2026

एएमयू में 17 अक्टूबर को मनाया जाएगा सर सैयद दिवस,

Hon'ble Mr. Justice Augustine George Masih


Hon’ble Mr. Justice Satya Veer Singh



Rear Admiral S M Urooj Athar


Dr. Faruk G. Patel

 एएमयू में 17 अक्टूबर को मनाया जाएगा सर सैयद दिवस, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह होंगे मुख्य अतिथि

अलीगढ़, 12 अक्टूबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में 17 अक्टूबर को सर सैयद दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुलिस्ताने सैयद में आयोजित स्मृति समारोह में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वार्षिक समारोह में विश्वविद्यालय के संस्थापक सर सैयद अहमद खान की विरासत का स्मरण करते हुए शिक्षा, सामाजिक सुधार और बौद्धिक विकास के उनके दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सत्य वीर सिंह और केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी के प्रधानाचार्य रियर एडमिरल एस. एम. उरूज अतहर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गुजरात के केपी समूह के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. फारुक जी. पटेल समारोह के विशेष अतिथि होंगे।

सर सैयद दिवस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह छह बजे विश्वविद्यालय की मस्जिद में कुरआन ख्वानी से होगी। इसके बाद सुबह सात बजे सर सैयद की मजार पर चादरपोशी की जाएगी। प्रातः 9.30 बजे सर सैयद हाउस में उनके लेखन और पुस्तकों पर आधारित प्रदर्शनी तथा पुस्तक लोकार्पण समारोह आयोजित होगा।

मुख्य समारोह सुबह 10.45 बजे गुलिस्ताने सैयद में शुरू होगा। कुलसचिव प्रो. आसिम जफर स्वागत भाषण देंगे। इसके बाद सर सैयद अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार अमेरिका के जॉर्ज वाशिंगटन विश्वविद्यालय के प्रो. हुसैन नस्र को दिया जाएगा, जबकि राष्ट्रीय पुरस्कार कर्नाटक के गुलबर्गा स्थित खाजा एजुकेशन सोसाइटी को प्रदान किया जाएगा।

समारोह में पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं, विद्यार्थियों और शिक्षकों के संबोधन भी होंगे। विद्यार्थियों की ओर से आयशा जमाल और अबू दाऊद अपने विचार रखेंगे, जबकि शिक्षकों की ओर से प्रो. अजरा मूसवी और प्रो. मोहम्मद अली जौहर संबोधित करेंगे। जनसंपर्क कार्यालय की ओर से आयोजित अखिल भारतीय निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।

विशेष अतिथि डॉ. फारुक जी. पटेल के संबोधन के बाद रियर एडमिरल एस. एम. उरूज अतहर और न्यायमूर्ति सत्य वीर सिंह अपने विचार रखेंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह छात्रों व शिक्षकों को संबोधित करेंगे। कुलपति प्रो. नइमा खातून अध्यक्षीय संबोधन देंगी, जबकि छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एम. अतहर अंसारी धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।

यह वार्षिक समारोह विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों और विशिष्ट अतिथियों को एक साथ लाकर आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में सर सैयद अहमद खान के योगदान तथा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और सामाजिक उद्देश्यों पर विचार करने का अवसर प्रदान करेगा।

-

No comments:

Popular Posts