Thursday, October 15, 2026

एएमयू के बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में विद्यार्थियों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कार्यशाला आयोजित

 

Prof. Salma Ahmed, Mr. Talha Masood, Mr. Yasir Ali, Prof. Asif Ali Syed, Prof. Asad Rehman, Dr. Rashid Usman Ansari and Dr. Zareen Husain Farooq during the Workshop to Promote Entrepreneurship among
एएमयू के बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में विद्यार्थियों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कार्यशाला आयोजित
अलीगढ़, 14 अक्टूबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन एवं अनुसंधान संकाय के बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग द्वारा फ्रैंक एंड डेबी इस्लाम प्रबंधन परिसर में उद्यमिता जागरूकता का आयोजन किया गया । इसमें उद्यमियों और विद्यार्थियों ने व्यावसायिक विकास, नवाचार और करियर की संभावनाओं पर विचार साझा किए।
व्यवसाय प्रशासन विभाग की अध्यक्ष प्रो. सलमा अहमद ने वक्ताओं का स्वागत किया और विद्यार्थियों को निरंतर सीखने तथा नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अलीगढ़ स्थित होममेकर फूड्स के संस्थापक तलहा मसूद ने अपने उद्यम की शुरुआत और क्लाउड किचन से दिल्ली तक कारोबार के विस्तार का अनुभव साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों को छोटे स्तर से शुरुआत करने, कानूनी आवश्यकताओं का पालन करने तथा विपणन, संवाद और ब्रांड निर्माण से जुड़े कौशल विकसित करने की सलाह दी। अलीगढ़ स्थित ब्रिस्कओवन बेकर्स एलएलपी के सह-संस्थापक एवं महाप्रबंधक तलहा बिन मुर्शद ने वित्तीय योजना, वैकल्पिक धन व्यवस्था और लागत का सही आकलन करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
वाणिज्य के शिक्षक तथा यासिर अली क्लासेज के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी यासिर अली ने विद्यार्थियों से समाधान तलाशने से पहले समस्याओं को पहचानने और असफलता को सीखने का अवसर मानने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “आपको अमीर पिता की नहीं, बल्कि सही सोच की जरूरत है।”
शाहनाज हुसैन समूह की अध्यक्ष और लेखिका नेलोफर करीमभॉय ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने ‘इकिगाई’ की अवधारणा, जीवन में उद्देश्य के महत्व और अपनी मां शाहनाज हुसैन की उद्यमशीलता की यात्रा पर विचार रखे। उन्होंने अपनी पुस्तकों ‘फ्लेम’ और ‘आइज ऑफ द हीलर’ के बारे में भी बताया।
सह-संयोजक प्रो. आसिफ अली सैयद ने बदलाव के अनुरूप स्वयं को ढालने की आवश्यकता पर जोर दिया, जबकि प्रो. असद रहमान ने अवसर पैदा करने में नवाचार की भूमिका को रेखांकित किया। सह-आयोजन सचिव डॉ. राशिद उस्मान अंसारी और डॉ. जर्रीन हुसैन फारूक ने शैक्षणिक उत्कृष्टता और निरंतर सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला।
उद्यमिता संबंधी अभिरुचि के आकलन के लिए आयोजित गतिविधि में अंतिम वर्ष की छात्रा दीक्षा सिंह तथा प्रथम वर्ष की छात्राओं अलीशबा ताहिर और तय्यबा फातिमा को उनके उद्यमशील गुणों के लिए सराहा गया। कार्यक्रम का संचालन अलीशबा ताहिर ने किया और जैद अहमद खान ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने वक्ताओं के साथ उद्यमिता की चुनौतियों और करियर विकास से जुड़े सवालों पर चर्चा की।

No comments:

Popular Posts