सर सैयद डे समारोह की तैयारियों का कुलपति ने लिया जायजा, गुलिस्तान-ए-सैयद में हुआ पूर्वाभ्यासअलीगढ़, 15 अक्टूबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने आज विश्वविद्यालय परिसर स्थित गुलिस्तान-ए-सैयद में सर सैयद डे के मुख्य समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर पूरे कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास भी किया गया। विश्वविद्यालय के संस्थापक सर सैयद अहमद खान की जयंती के उपलक्ष्य में मुख्य समारोह 17 अक्टूबर को आयोजित होगा।
कुलपति ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ पूर्वाभ्यास देखा। उन्होंने आवश्यकतानुसार सुधार के निर्देश दिए और तैयारियों तथा आयोजन दलों के बीच समन्वय पर संतोष व्यक्त किया।
प्रो. नइमा खातून ने कहा, “सर सैयद डे पूरे एएमयू परिवार के लिए गर्व और आत्मचिंतन का अवसर है। तैयारियां हमारे संस्थापक की दूरदृष्टि और शिक्षा, जागरूकता तथा सामाजिक प्रगति के उन मूल्यों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं, जिन्हें उन्होंने आगे बढ़ाया। मैं व्यवस्थाओं की प्रगति से संतुष्ट हूं और आशा करती हूं कि यह समारोह इस ऐतिहासिक अवसर की गरिमा के अनुरूप सुचारु रूप से संपन्न होगा।”
पूर्वाभ्यास में एएमयू के सहकुलपति प्रो. एम मोहसिन खान, कुलसचिव प्रो. आसिम जफर, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एम. अतहर अंसारी, सीईसी समन्वयक एवं पंडाल समिति के समन्वयक प्रो. मोहम्मद रिजवान खान, कुलपति के विशेष कार्याधिकारी प्रो. असफर अली खान, प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नफीस अहमद अंसारी, सभी संकायों के अधिष्ठाता, छात्रावासों के प्रोवोस्ट, सदस्य-प्रभारी और अन्य विश्वविद्यालय अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के विभिन्न कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास सफलतापूर्वक किया गया, जिससे मुख्य आयोजन से पहले समय-सारणी, समन्वय और व्यवस्थाओं का आकलन किया जा सके।
17 अक्टूबर को होने वाले सर सैयद डे समारोह में पारंपरिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनी और पुस्तक लोकार्पण के बाद गुलिस्तान-ए-सैयद में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह मुख्य अतिथि होंगे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह और भारतीय नौसेना अकादमी के प्रधानाचार्य रियर एडमिरल एस. एम. उरूज अतहर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केपी समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. फारुक जी. पटेल विशेष अतिथि होंगे।
सर सैयद अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार अमेरिका की जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी के प्रो. हुसैन नस्र को प्रदान किया जाएगा, जबकि सर सैयद राष्ट्रीय पुरस्कार कर्नाटक के गुलबर्गा स्थित ख्वाजा बंदानवाज एजुकेशनल सोसाइटी को दिया जाएगा।
प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नफीस अहमद अंसारी ने बताया कि समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने इस संबंध में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।


No comments:
Post a Comment