एएमयू गर्ल्स स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण का आयोजनअलीगढ़, 15 अक्टूबरः एएमयू गर्ल्स स्कूल में सर सैयद अहमद खान की शैक्षिक दृष्टि और विरासत को समर्पित सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर साहित्यिक और रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।
अलीगढ़ जिला एवं सत्र न्यायालयों के वरिष्ठ अधिवक्ता, अल्पसंख्यक अधिकार कार्यकर्ता और फ्रॉम जेरूसलम टू अलीगढ़ः अ ब्रीफ हिस्ट्री ऑफ क्रिश्चियनिटी इन इंडिया पुस्तक के लेखक ऑसमंड चार्ल्स मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रधानाचार्य आमना मलिक ने उनका स्वागत किया और संस्थान से उनके पुराने संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि चार्ल्स ने 1950 के दशक के अंतिम वर्षों में अब्दुल्ला गर्ल्स हाई स्कूल में शिक्षा प्राप्त की थी।
अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए चार्ल्स ने सर सैयद अहमद खान की धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील सोच को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने महिला शिक्षा के क्षेत्र में शेख अब्दुल्ला और आला बी के योगदान को भी याद किया। उन्होंने छात्राओं से भौतिक सुख-सुविधाओं के बजाय ज्ञान, विवेक और सकारात्मक दृष्टिकोण को महत्व देने का आह्वान किया। उन्होंने बौद्धिक विकास और मजबूत व्यक्तिगत मूल्यों को जीवन में महत्वपूर्ण बताया।
समारोह के अंतर्गत अंतरविद्यालयी निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा विद्यालय स्तर पर कार्ड निर्माण, उर्दू लेखन, नज्मख्वानी, सलाद बनाने, बिना आग के खाना पकाने और पोस्टर निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में एएमयू गर्ल्स स्कूल की सैयद नूर फातमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एएमयू सिटी गर्ल्स हाई स्कूल की स्वालेहा कमर दूसरे और एएमयू एबीके हाई स्कूल (गल्र्सं) की दीप्तिशिखा तीसरे स्थान पर रहीं। एसएसएस (गल्र्स) की समायरा इरशाद और सैयद हामिद सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मोहम्मद वली हसन ने भी तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय की आंतरिक प्रतियोगिताओं में सलाद बनाने में सिमरा आदिल और आफिया नईम ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। उर्दू लेखन में माहिरा प्रथम रहीं, जबकि नज्मख्वानी में सिदरा खान ने पहला स्थान हासिल किया। कार्ड निर्माण में वर्णिका वर्मा ने प्रथम पुरस्कार जीता। बिना आग के खाना पकाने की प्रतियोगिता में रिजा और आलिया जैनब प्रथम रहीं।
अंग्रेजी सोसायटी की सचिव आफरीन फातमा ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि नुसरत परवीन ने पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की। कार्यक्रम का समन्वय सांस्कृतिक समन्वयक अर्शी जफर खान ने किया। आयोजन प्रभारी जेबा नवाज, बुशरा किरमानी, इरम सबा, शबनम एजाज, तबीर और शादमा सना ने सहयोग दिया।

No comments:
Post a Comment