Tuesday, October 20, 2026

एएमयू के विद्यालयों और विदेशों में रह रहे पूर्व छात्रों ने मनाया सर सैयद दिवस


 एएमयू के विद्यालयों और विदेशों में रह रहे पूर्व छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोहों के साथ मनाया सर सैयद दिवस

अलीगढ़, 19 अक्टूबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विद्यालयों और न्यूजीलैंड में रह रहे पूर्व छात्रों ने सर सैयद दिवस 2026 के अवसर पर विशेष सभाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और खेल पुरस्कार समारोहों का आयोजन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के संस्थापक सर सैयद अहमद खां को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और सामाजिक प्रगति के उनके आदर्शों को याद किया गया।
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड स्थित डेवोनपोर्ट कम्युनिटी हाउस में एएमयू के पूर्व छात्र, उनके परिवारजन और मित्र सर सैयद अहमद खां की 209वीं जयंती मनाने के लिए एकत्र हुए। न्यूजीलैंड उन शुरुआती देशों में शामिल है, जहां 17 अक्टूबर का दिन सबसे पहले शुरू होता है। इस कारण यह आयोजन विश्वभर में होने वाले समारोहों की शुरुआती कड़ी का हिस्सा बना।
कार्यक्रम में सर सैयद के शैक्षिक मिशन और समाज में एएमयू के योगदान पर वक्तव्य, विश्वविद्यालय तराना, प्रश्नोत्तरी, बच्चों की गतिविधियां, कविता पाठ और गजल प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून का वीडियो संदेश कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। आयोजकों और अतिथियों ने उनकी शुभकामनाओं और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उनके संदेश से विदेश में रह रहे अलीगढ़ के पूर्व छात्रों और उनके शिक्षण संस्थान के बीच जुड़ाव और मजबूत हुआ।
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता जफर इकबाल, फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा, बीबीसी के पूर्व पत्रकार कुरबान अली, प्रो. एम.एम. सुफियान बेग, सोशल मीडिया प्रभावशाली व्यक्तित्व मुजीब अख्तर तथा एएमयू के पूर्व तेज गेंदबाज बायर मुस्तफा खान के वीडियो संदेश भी प्राप्त हुए।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए वाले मोहम्मद आसिर ने कहानी सुनाने, हास्य प्रसंगों और अलीगढ़ की यादों के साथ कविता तथा गजलों से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। सफवान मिर्जा बेग ने गजल प्रस्तुत की। सर्वश्रेष्ठ परिधान प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में सईदुर रहमान ने एएमयू की पारंपरिक शेरवानी पहनकर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में सारा आसिर विजेता रहीं।
कार्यक्रम का नेतृत्व मोहम्मद आसिर और मोहम्मद अफराज सिद्दीकी ने किया। उन्हें नवेद अली खान, सफवान मिर्जा बेग, सलीम निसार, सना उर रहमान किदवई और नासिर अहमद सहित अन्य स्वयंसेवकों का सहयोग मिला। आयोजकों ने मुख्य अतिथि जावेद अकमल, सभी 125 अतिथियों और उनके परिवारों, वक्ताओं, कलाकारों, तराना प्रस्तुत करने वाली टीम, निर्णायकों, बच्चों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने मीडिया सहयोग के लिए वेंकट रमन और ‘इंडिया न्यूज लिंक’ तथा अनीश चैहान और ‘द इंडियन वीकेंडर’ का भी धन्यवाद किया। इन माध्यमों की खबरों से न्यूजीलैंड में रहने वाले अन्य अलीगढ़ के पूर्व छात्रों से संपर्क स्थापित करने में मदद मिली।
इस बीच, अलीगढ़ स्थित एएमयू सिटी गर्ल्स हाई स्कूल में कार्यवाहक प्रधानाचार्य मोहम्मद जावेद अख्तर के नेतृत्व में सर सैयद दिवस सप्ताह मनाया गया। अंतरविद्यालय चित्रकला प्रतियोगिता में एसटीएस हाई स्कूल के विवेक कुमार ने चित्रांकन में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि एएमयू सिटी गर्ल्स हाई स्कूल की आयशा नाजिम ने भवन चित्रांकन में पहला स्थान हासिल किया।
‘बिना आग के भोजन’ प्रतियोगिता के माध्यम से स्वस्थ खानपान और व्यावहारिक कौशल को प्रोत्साहित किया गया। कक्षा दसवीं-ए की हुमेरा ने सर सैयद के जीवन और उनके शैक्षिक दर्शन पर भाषण प्रस्तुत किया।
ब्लू हाउस की विशेष सभा की योजना हाउस मिस्ट्रेस डॉ. हुमा सिद्दीकी ने रूही सुल्तान और शिबरा इनाम के सहयोग से तैयार की। कार्यक्रम का संचालन शारिका खान (कक्षा नौवीं-बी) और उम्मे हानी (कक्षा नौवीं-सी) ने किया। एक लघु नाटक के माध्यम से सामाजिक और शैक्षिक संदेश दिया गया। मोहम्मद जावेद अख्तर ने विद्यार्थियों से ज्ञान, मेहनत और समाज सेवा के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। शिबरा इनाम ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उपप्रधानाचार्य पाकीजा खान और सांस्कृतिक प्रभारी नाजिश सिद्दीकी ने भी समारोह के आयोजन में मार्गदर्शन दिया।
एएमयू एबीके हाई स्कूल (ब्वायज) में अंतरविद्यालय खेल प्रतियोगिता के विजेताओं और उपविजेताओं को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. एस.एम. जावेद अख्तर मुख्य अतिथि थे। एएमयू के स्वच्छता प्रभारी डॉ. अली जाफर आब्दी और राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. मोहम्मद मोहसिन खान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य अफरोज अली ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि गौसिया इकबाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। अफरोज अली ने खेल समन्वयकों रईस अहमद, मोहम्मद इमरान खान और निदा उस्मानी को बधाई दी। मोहम्मद इमरान खान ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल (ग्लर्स) में सर सैयद दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न अंतरविद्यालय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एएमयू के विद्यालय शिक्षा निदेशालय के उपनिदेशक प्रो. मोहम्मद आजम खान ने विजेताओं को बधाई दी और विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतरविद्यालय प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, आलोचनात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल (ग्लर्स) की प्रधानाचार्य नगमा इरफान ने कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास सिखाती हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्धि केवल पुरस्कार जीतने में नहीं, बल्कि चुनौतियों का सामना करने और अनुभवों से सीखने में भी निहित है।
उन्होंने बौद्धिक जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तर्कशीलता और निरंतर सीखने की भावना को बढ़ावा देकर सर सैयद अहमद खां के प्रगतिशील आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया।
एएमयू एबीके हाई स्कूल (ब्वायज) में विशेष सभा के साथ सर सैयद दिवस मनाया गया। इसमें विद्यार्थियों के भाषण, सर सैयद अहमद खां और अलीगढ़ आंदोलन पर प्रश्नोत्तरी तथा उनके जीवन और शैक्षिक सुधार प्रयासों पर आधारित लघु नाटक प्रस्तुत किया गया। वाणिज्य विषय के प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक महताब अहमद और अरबी के प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक डॉ. मोहम्मद सादिक अख्तर ने आधुनिक एवं वैज्ञानिक शिक्षा को बढ़ावा देने में सर सैयद के योगदान पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विश्वविद्यालय तराना भी प्रस्तुत किया।
उपप्रधानाचाय डॉ. सबा हसन ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, जिज्ञासा की भावना अपनाने तथा मेहनत, अनुशासन, सहिष्णुता और आजीवन सीखने के आदर्शों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अंतरसदनीय चित्रकला और गुलदस्ता निर्माण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनसे विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन मिला।

No comments:

Popular Posts