Zafar Iqbal
एएमयू के पूर्व छात्र ओलंपियन जफर इकबाल मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित
1980 मॉस्को ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता एवं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं अलीगढ़ मुस्ल्मि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र जफर इकबाल को ‘हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारतीय हॉकी में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र जफर इकबाल 1980 मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं। बाद में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी भी की, जिसमें 1984 लॉस एंजेल्स ओलंपिक शामिल है। उन्होंने समय-समय पर कोच, चयनकर्ता और मार्गदर्शक के रूप में भी भारतीय हॉकी की सेवा की है।
इस प्रतिष्ठित सम्मान पर बधाई देते हुए एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने कहा कि यह सम्मान पूरे एएमयू परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इकबाल का उत्कृष्ट करियर, जो नेतृत्व, समर्पण और खेल उत्कृष्टता से परिपूर्ण है, आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।
विश्वविद्यालय तथा अलीग समुदाय की ओर से पूर्व छात्र मामलों की समिति के अध्यक्ष प्रो. सरताज तबस्सुम ने भी उन्हें हार्दिक बधाई दी और इस सम्मान को उनके खेल के प्रति आजीवन समर्पण का उचित सम्मान बताया।
जफर इकबाल, जिन्होंने एएमयू से भूगोल में एम.एससी. की डिग्री प्राप्त की, को अर्जुन पुरस्कार (1983), यश भारती पुरस्कार (1994) और पद्मश्री (2012) सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
एएमयू समुदाय ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना की है।
No comments:
Post a Comment