जेएन मेडीकल कालिज में रेडिएशन ऑन्कोलॉजी का 52वां एआरओआई-आईसीआरओ पीजी टीचिंग कोर्स आयोजित
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग ने 52वां एआरओआई-आईसीआरओ पोस्टग्रेजुएट टीचिंग कोर्स सफलतापूर्वक आयोजित किया, जिसमें देशभर से आए विशेषज्ञों और स्नातकोत्तर छात्रों ने भाग लिया।
उद्घाटन सत्र में प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान, सहकुलपति, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अन्य गणमान्य अतिथियों में प्रो. मोहम्मद खालिद (डीन, चिकित्सा संकाय), प्रो. अंजुम परवेज (प्राचार्य एवं सीएमएस, जेएनएमसी) तथा एआरओआई और आईसीआरओ के राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम निदेशक प्रो. मोहम्मद अकरम ने की, जिन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय कार्यक्रम में लगभग 60 स्नातकोत्तर छात्रों ने भाग लिया और देश के प्रमुख विशेषज्ञों के व्याख्यानों से लाभान्वित हुए।
वक्ताओं ने ऑन्कोलॉजी शिक्षा को सुदृढ़ करने और बेहतर रोगी देखभाल के लिए इस प्रकार के संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मोहम्मद शादाब आलम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विभाग में शीघ्र ही अत्याधुनिक लिनैक (एलआईएनएसी) और पीईटी-सीटी मशीन की स्थापना की जाएगी, जिससे निदान और उपचार की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत पीजी छात्रों के लिए एक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसके विजेताओं को आगामी राष्ट्रीय एआरओआई सम्मेलन (हैदराबाद) में सम्मानित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और एएमयू में ऑन्कोलॉजी शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
No comments:
Post a Comment