Dr. Ramnath Singh, Dr. Ajay Kumar Saxena, Prof. Mohammad Khalid, Prof. Anjum Parvez, and Prof. Syed Ziaur Rahman with other faculty members inaugurating the 6th National Pharmacovigilance Week
एएमयू में राष्ट्रीय औषधि सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत
अलीगढ़, 17 सितंबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थित भारत औषधि सुरक्षा कार्यक्रम के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र ने छठे राष्ट्रीय औषधि सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत की। इस सप्ताह का विषय ‘औषधि सुरक्षा के माध्यम से दवाओं के सही उपयोग को बढ़ावा देना रू सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं की ओर एक कदम’ है।
उद्घाटन कार्यक्रम में अलीगढ़ जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामनाथ सिंह मुख्य अतिथि और गांधी नेत्र चिकित्सालय, अलीगढ़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रशासक डॉ. अजय कुमार सक्सेना विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम चिकित्सा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. मोहम्मद खालिद तथा जेएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. अंजुम परवेज के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
वक्ताओं ने दवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, दवाओं के सही और जरूरत के अनुसार उपयोग तथा दवाओं से होने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने में औषधि सुरक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। यह कार्यक्रम भारतीय औषधि संहिता आयोग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन के बाद अस्पताल परिसर में जागरूकता पदयात्रा निकाली गई, जिसमें शिक्षक, चिकित्सक और विद्यार्थी शामिल हुए। इसका उद्देश्य लोगों को दवाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और दवाओं से होने वाले किसी भी प्रतिकूल प्रभाव की समय पर जानकारी देने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में प्रो. शीलू शफीक, प्रो. काजी एहसान अली, प्रो. फरहा आजमी, प्रो. नय्यर आसिफ, प्रो. कामरान अफजल, प्रो. मोहम्मद शमीम, प्रो. अब्दुल वारिस, डॉ. जूही गुप्ता, डॉ. सैफ खान, डॉ. मोहम्मद आदिल, डॉ. सैयद हैदर हुसैनी, डॉ. नफीस खान, प्रो. फजलुर रहमान, डॉ. जमील अहमद और डॉ. अहमद हसन सहित अन्य शिक्षक एवं चिकित्सक मौजूद रहे।
क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र के समन्वयक प्रो. सैयद जियाउर रहमान ने बताया कि पूरे सप्ताह शैक्षणिक गतिविधियों, जागरूकता अभियानों, रचनात्मक प्रतियोगिताओं और सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनका उद्देश्य दवाओं के जिम्मेदारी से उपयोग और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के तहत लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉ. शिवम वर्मा का ‘जीएलपी-1 दवाओं की सुरक्षा’ विषय पर व्याख्यान, औषधि सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं, एएमयू के स्कूलों में जागरूकता व्याख्यान तथा औषधि सुरक्षा से संबंधित पुस्तकों एवं सामग्री की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इब्ने सीना अकादमी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन-अकादमिक शाखा, अलीगढ़ के सहयोग से जागरूकता व्याख्यान भी होंगे।
औषधि सुरक्षा सहयोगी गुफरान अली ने बताया कि सप्ताह के समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा पिछले वर्षों में दवाओं से होने वाले प्रतिकूल प्रभावों की सबसे अधिक जानकारी देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment