Maryam and Sayeda Laiba Ali with Ms Naghma Irfan and sports teacher at Senior Secondary School (Girls)
एएमयू एनएसएस ने मानसिक स्वास्थ्य और खेल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया
अलीगढ़, 18 सितंबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा एनएसएस सम्मेलन कक्ष में मानसिक स्वास्थ्य और खेल जागरूकता कार्यक्रम तथा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
एनएसएस के आदर्श वाक्य ‘मैं नहीं, आप’ के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस और खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर विभिन्न खेल गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया गया।
अलीगढ़ की जिला खेल अधिकारी पूनम लता राज मुख्य अतिथि और एएमयू के शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. मोहम्मद अरशद बारी विशिष्ट अतिथि रहे। एएमयू एनएसएस इकाई के समन्वयक डॉ. मोहम्मद मोहसिन खान तथा कार्यक्रम अधिकारी एवं आयोजक मोहम्मद इमरान खान भी मौजूद रहे।
अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए डॉ. मोहम्मद मोहसिन खान ने युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, स्वास्थ्य जागरूकता और व्यक्तित्व विकास बढ़ाने में एनएसएस गतिविधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
डॉ. मोहम्मद अरशद बारी ने मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने शारीरिक गतिविधियों, खेलों और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंध को समझाया। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से नियमित रूप से खेलों और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक और संतुलित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेताओं और उपविजेताओं को सम्मानित किया गया। पुरुष एकल में अमान अंसारी विजेता और तनवीर आलम उपविजेता रहे। महिला एकल में तहरीम जमाल ने प्रथम और प्रज्ञा शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
पुरुष युगल में अमान अंसारी और फहीम की जोड़ी विजेता रही, जबकि तनवीर आलम और मोहम्मद हसन हाशमी उपविजेता रहे। महिला युगल में आयरा अरूज भट और प्रज्ञा शर्मा की जोड़ी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सुमैया शबीर और मिस्बा तारिक उपविजेता रहीं।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. फौजिया फरीदी ने किया। इस अवसर पर डॉ. अब्दुल जब्बार, डॉ. मोहम्मद अरसलान, डॉ. नाहिद अकबरी और मोहम्मद नईम अहमद सहित अन्य कार्यक्रम अधिकारी मौजूद रहे। मोहम्मद इमरान खान ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
--------------------
एएमयू की छात्राओं मरियम और सैयदा लायबा अली ने राष्ट्रीय रोलर डर्बी फेडरेशन कप में जीता स्वर्ण पदक
अलीगढ़, 18 सितंबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल गल्र्स की छात्राओं मरियम और सैयदा लायबा अली ने राजस्थान के बीकानेर में आयोजित डॉ. करणी सिंह जी रोलर डर्बी फेडरेशन कप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
दोनों छात्राओं ने उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने शानदार खेल, टीम भावना और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश की टीम ने राजस्थान, तेलंगाना और कर्नाटक की टीमों को हराने के बाद फाइनल में राजस्थान को पराजित कर स्वर्ण पदक और फेडरेशन कप का खिताब जीता।
सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल गल्र्स की प्रधानाचार्या नगमा इरफान ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों में संतुलन बनाए रखने के महत्व को दर्शाती है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्या जोया समर और खेल प्रभारी कामरान खान भी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment