Prof M Mohsin Khan, Prof BD Khan, Prof Mohd Mohsin, Prof. M. Anwar, Prof. Ruby Anjum and others during the inauguration of Blood Donation Camp at AK Tibbiya College
AMU Marks World Blood Donor Day with Blood Donation Camp and Pledge Ceremony
एएमयू की विभिन्न इकाइयों में विश्व रक्तदाता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम एवं रक्तदान शिविर आयोजित
अलीगढ़, 15 जूनः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों में विश्व रक्तदाता दिवस 2026 के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण समारोह तथा स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रक्तदान के जीवनरक्षक महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिकाधिक जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर एएमयू की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) ने जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जेएनएमसी) के ब्लड एंड कंपोनेंट्स बैंक के सहयोग से भमोला स्थित इस्लाह इस्लामिक स्कूल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया। शिविर में लगभग 25 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
एनएसएस के कार्यवाहक समन्वयक डॉ. अब्दुल जब्बार ने रक्तदान से जुड़ी सामाजिक जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला, जबकि ब्लड एंड कंपोनेंट्स बैंक के प्रभारी डॉ. सुहैल अब्बास ने चिकित्सा व्यवस्थाओं की निगरानी की। जेएनएमसी के एनाटॉमी विभाग के अध्यक्ष प्रो. फजलुर रहमान ने आपातकालीन परिस्थितियों एवं गंभीर चिकित्सा प्रक्रियाओं के लिए पर्याप्त रक्त भंडार बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. शीबा नुजहत ने एनएसएस स्वयंसेवकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से किया।
वहीं, यूनानी चिकित्सा संकाय के इल्मुल अमराज विभाग द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान के चिकित्सीय एवं सामाजिक महत्व पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. अताउल्लाह फहद के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. निदा सुल्ताना ने रक्त बैंकों में मांग और उपलब्धता के अंतर, रक्तदाताओं की सुरक्षा संबंधी प्रोटोकॉल तथा रक्तदान से जुड़ी आम भ्रांतियों पर व्याख्यान दिया। डॉ. एस. एम. अहमर और डॉ. मोहसिन मसूद ने भी वैज्ञानिक चर्चा में योगदान दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उत्तर प्रदेश सरकार के यूनानी सेवा निदेशक प्रो. जमाल अख्तर का संबोधन रहा। उन्होंने रक्तदान के मानवीय और जीवनरक्षक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया। प्रतिभागियों ने स्वयं रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
भाषाविज्ञान विभाग में भी शिक्षकों, शोधार्थियों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा इस पुनीत कार्य के लिए दूसरों को प्रेरित करने की शपथ ली। विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद जहांगीर वारसी ने शपथ दिलाते हुए कहा कि रक्तदान न केवल जीवन बचाता है, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य को भी मजबूत बनाता है।
इसी क्रम में एएमयू गर्ल्स स्कूल में “वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटीः गिव ब्लड, सेव लाइव्स” विषय पर रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यवाहक प्रधानाचार्या अलका अग्रवाल ने सुरक्षित रक्त एवं प्लाज्मा दान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में छात्राओं एवं कर्मचारियों ने शपथ ग्रहण समारोह तथा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों में भाग लेकर भावी पीढ़ी को रक्तदान के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment