अलीगढ़, 13 जूनः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग से प्रतिनियुक्ति अवकाश पर राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान (एनआईएसई) के महानिदेशक प्रो. मोहम्मद रिहान द्वारा लिखित पुस्तक “ग्रीन एनर्जी एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट” का लोकार्पण भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने नई दिल्ली स्थित नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) में किया।
कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक की प्रस्तावना एमएनआरई के सचिव संतोष कुमार सारंगी ने लिखी है। पुस्तक में भारत के बदलते ऊर्जा परिदृश्य, नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण से जुड़ी चुनौतियों एवं संभावनाओं तथा सतत एवं समावेशी विकास के व्यापक लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई है।
पुस्तक में जलवायु परिवर्तन, संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) और हरित विद्युत के परस्पर संबंधों को रेखांकित करते हुए देश में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी नीतियों, नियामकीय विकास तथा प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा पहलों का विश्लेषण किया गया है।
पुस्तक की विशेष उपलब्धि के रूप में एएमयू के सौर ऊर्जा कार्यक्रम पर आधारित एक केस स्टडी भी शामिल की गई है, जिसमें विश्वविद्यालय द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा तकनीकों को अपनाकर कार्बन उत्सर्जन कम करने के प्रयासों को दर्शाया गया है।
प्रो. रिहान ने कहा कि यह पुस्तक जागरूकता बढ़ाने, युवा शोधकर्ताओं और अभियंताओं को प्रेरित करने, नीतिगत निर्णयों को वैज्ञानिक आधार प्रदान करने तथा सतत विकास की दिशा में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास है।
----------------------
No comments:
Post a Comment